गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला खूंटी, भाजपा नेता समेत 3 की गोली मारकर हत्या

17

खूंटी:-  खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के हेटगोवा गांव में भाजपा नेता मागो मुंडू तथा उनकी पत्नी व बेटे को उग्रवादियों ने घर से बाहर निकालकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में मागो मुंडू के परिवार की एक अन्य महिला नौरी मुंडू को भी गोली लगी है। उसका इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है। इस हत्याकांड में उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 
मागो मुंडू भाजपा के एसटी मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य व भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। उनकी बेटी राधा मुंडू कुदा पंचायत की मुखिया हैं। परिजनों के अनुसार रात करीब आठ बजे कुछ वर्दीधारी युवक आए और मागो मुंडू, पत्नी लखमनी मुंडू तथा बेटे लिपराय मुंडू को घर से बाहर निकालकर गोली मार दी। गोली लगने के बाद मागो मुंडू और लिपराय मुंडू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि लखमनी मुंडू ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। 
गोलियों की आवाज सुन बाहर निकली नौरी मुंडू को भी अपराधियों ने पीठ में गोली मार दी। घायल नौरी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात को खाना खाने बैठे थे, तभी गोलियों की तड़तड़ाहट की आवाज सुनाई दी। जब वह घर से बाहर निकली, तो उसे भी उग्रवादियों ने पीछे से गोली मार दी। नौरी का एक साल का बच्चा भी डर से बीमार हो गया है। 
कर्मठ नेता के रूप में थी पहचान 
मागो मुंडू की क्षेत्र में कर्मठ भाजपा नेता के रूप में पहचान थी। लंबे समय से लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। सूत्रों के मुताबिक वर्दीधारी हमलावर कम उम्र के थे। घटना की जानकारी होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ ने मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। 
हत्या के बाद दहशत 
मुरहू में एक साथ भाजपा नेता सहित तीन लोगों की हत्या के बाद हेटगोवा गांव में दहशत है। अभी कुछ दिन पूर्व अड़की में मुखिया सुखराम मुंडा की भी अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। विगत कुछ वर्षों में कई भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की हत्याएं खूंटी में हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नक्सली अनल व असीम पर अब एक-एक करोड़ का इनाम

Tue Jul 23 , 2019
रांची:– राज्य के इनामी चार नक्सलियों पर इनाम की राशि बढ़ा दी गई है। इसपर भी मुख्यमंत्री ने मुहर लगा दी है। भाकपा माओवादियों के स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर तथा अनल उर्फ तूफान उर्फ पतिराम मांझी उर्फ पतिराम मरांडी उर्फ रमेश अब सेंट्रल कमेटी […]

You May Like

फ़िल्मी खबर