झारखंड में वोट की वर्षा, 11 बजे तक 31% मतदान

19

रांची:- लोकसभा चुनाव के छठे चरण में झारखंड की 4 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सभी मतादन केंद्रों के बाहर वोटरों की लंबी कतारें लगी हैं। यहां रविवार को वोट के लिए नियत समय 7 बजे से करीब एक घंटे पहले ही मतदाता वोट डालने पहुंच गए। निर्वाचन आयोग के मुताबिक झारखंड में चार सीटों पर 11 बजे तक 30.23 फीसद वोट पड़े।

गिरिडीह में 32.24, धनबाद में 29.03, जमशेदपुर में 29.33 तथा सिंहभूम में 30.80 फीसद वोट पड़े।इन चार सीटों पर सुबह नौ बजे तक 14.60 फीसद वोट पड़े। गिरिडीह में 13.94, धनबाद में 12.08, जमशेदपुर में 17.89 तथा सिंहभूम में 15.15 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। कुछ केंद्रों पर शुरुआती दौर में ईवीएम की खराबी के कारण मतदान देर से शुरू होने की खबर है।

इधर धनबाद में निर्दलीय प्रत्‍याशी सिद्धार्थ गौतम के प्रचार वाहन में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद के साथ चार लोगों के पकड़े जाने की सूचना है। वासेपुर में मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्‍या में मुस्लिम मतदाता वोट डालने पहुंचे हैं। गिरिडीह के नक्‍सल प्रभावित क्षेत्र पीरटांड़ में शांतिपूर्ण मतदान जारी है।इधर जमशेदपुर के झामुमो उम्‍मीदवार चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को पुलिस ने आदर्श आचार संहिता उल्‍लंघन के मामले में गिरफ्तार किया है। सिंहभूम के मंझगांव इलाके में एक मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मारपीट के बीच पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें एक कांग्रेस कार्यकर्ता का हाथ टूट गया है।

नक्सल प्रभावित गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के पीरटांड़ के पड़रियाटांड़ और हरलाडीह में मतदान के लिए महिला-पुरुष वोटरों में भारी उत्‍साह देखा गया। यहां पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें लगी हैं।

झारखंड ने बनाया रिकॉर्ड, देशभर में सबसे आगे
निर्वाचन आयोग से प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक लोकसभा चुनाव के छठे चरण में रविवार को हो रहे मतदान के बीच झारखंड में सुबह नौ बजे तक सर्वाधिक मत प्रतिशत दर्ज किया गया। यहां की चार सीटों पर करीब 15 फीसद वोट डाले गए हैं। जबकि बिहार में 9.03, हरियाणा में 3.74, मध्‍य प्रदेश में 4.01, उत्‍तर प्रदेश में 6.86, पश्चिम बंगाल में 6.58 और दिल्‍ली में महज 3.74 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

इधर झारखंड की चार सीटों पर वोट देने वालों में महिलाओं ने बाजी मारी हुई है। उनमें पहले मतदान फिर जलपान का क्रेज दिख रहा है। धनबाद के कतरास, गिरिडीह लोकसभा के नक्सल प्रभावित टुंडी के बूथों पर उमस भरी गर्मी के बावजूद लोग मतदान केंद्रों पर डटे हैं। महिलाओं की सबसे अधिक भीड़ यहां के बूथों पर दिख रही है। पूर्वी टुंडी के बलरडीह बूथ पर लोग 3 किलोमीटर दूर से वोट देने के लिए पहुंचे।
धनबाद लोकसभा क्षेत्र के 2378 मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया है। मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू होने से पहले ही यहां मतदाताओं की कतार लग गई है। चुनाव मैदान में भाजपा प्रत्याशी वर्तमान सांसद पीएन सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी कीर्ति झा आजाद समेत 20 प्रत्याशी खड़े हैं। इन सभी का भविष्य 18.51 लाख मतदाता तय करेंगे। झरिया विधानसभा क्षेत्र के चासनाला मतदान केंद्र पर सुबह ही लंबी कतार लग गई।
इधर जमशेदपुर लोकसभा सीट पर कुल 1885 मतदान केंद्रों पर सात बजते ही मतदान शुरू हो गया। इनमें 662 अति संवेदनशील और 699 संवेदनशील बूथ हैं। 233 मतदान केंद्रों से वेबकास्टिंग की जा रही है। जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में कुल 129 आदर्श मतदान केंद्र हैं। 25 मतदान केंद्र ऐसे हैं जहां पूरी तरह महिला कर्मचारी चुनाव कराएंगी। मतदान केंद्र के लिए 8811 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। शहरी क्षेत्र में 683 और ग्रामीण इलाके में 1202 मतदान केंद्र हैं। 17 लाख 1398 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पहले मतदान फिर जलपान यह नजारा बूथों पर देखने को मिल रहा है। बाघमारा के बूथों में मतदाता सुबह सुबह वोटिंग के लिए लंबी कतार लगाए हुए हैं। सरकार की ओर से वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए चलाए गए मतदाता जागरूकता अभियान का असर बूथों में दिख रहा है । महिलाओं में पहले मतदान फिर जलपान का क्रेज दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

असिस्टेंट प्रोफेसर के 262 पदों को भरेगा झारखंड लोक सेवा आयोग

Sun May 12 , 2019
झारखंड लोक सेवा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों को भरने के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए हैं। ये नियुक्तियां राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न विषयों के लिए की जाएंगी। सभी पद स्थायी आधार पर भरे जाएंगे। इन पदों के लिए इच्छुक और […]

You May Like

फ़िल्मी खबर