जमशेदपुर/चाईबासा : भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की ड्यूटी में तैनात एनएसजी कमांडो 31 वर्षीय पोरेश बिरूली की चाईबासा में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। पोरेश गुरुवार को 3 दिन की छुट्टी पर घर पहुंचे थे और रात 10 से 11 के बीच चाईबासा रेल ओवर ब्रिज के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया। जिस समय घटना हुई उनके मामा के लड़के राजा तियु भी मौजूद थे। बाइक पर सवार दोनों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस भयानक सड़क हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एनएसजी कमांडो पोरेश बिरूली के परिवार को शुक्रवार की सुबह पुलिस ने घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उनकी पत्नी शुरू बिरूली, बहन और भाई के साथ गांव के लोग सदर अस्पताल पहुंच गये। पोरेश की दो बेटियां हैं। एक सात साल की और दूसरी 4 साल की। पोरेश बिरूली की पत्नी शुरू झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी में प्रोग्राम ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम को उनके पति 3 दिन की छुट्टी पर घर आए। थोड़ी देर घर में रहने के बाद मामा के लड़के के साथ दीपावली देखने के लिए चाईबासा शहर आ गये। रात करीब 10 बजे फोन पर उनसे बात भी हुई, उन्होंने थोड़ी देर में घर लौट आने की बात कही। लेकिन पूरी रात कोई पता नहीं चला। सुबह दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली। बहुत दुख की बात है इस क्षेत्र में दिवाली पर पसरा सनाटा।