भाजयुमो जिला महामंत्री सूरज कुमार के निधन से भाजपा में शोक की लहर, पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर नेताओं ने दी अंतिम विदाई

जमशेदपुर। मंगलवार को जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल भाजयुमो जमशेदपुर महानगर जिला महामंत्री सूरज कुमार ने गुरुवार को टाटा मेन अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले तीन दिनों से जिंदगी की जंग लड़ रहे सूरज कुमार के गुरुवार सुबह निधन की खबर आते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गयी। भाजयुमो नेता सूरज कुमार की हत्या से शहर के भाजपाइयों में गहरा शोक और आक्रोश वयाप्त है। गुरुवार को सूरज कुमार के हरहरगुट्टू स्थित आवास पर भाजपा नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर नमन किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष समेत दर्जनों नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर नम आंखों से सूरज कुमार को अंतिम विदाई दी। इस दौरान भाजपा नेताओं ने परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। सूरज कुमार का गुरुवार दोपहर को पोस्टमार्टम के पश्चात पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। जिसमें पार्टी के हाजरों कार्यकर्त्ता एवं आमजन उपस्थित थे।
अपराध रोकने की दिशा में कड़े कदम उठाए सरकार, अन्यथा भाजपा कार्यकर्ता ऐसे रवैये को बर्दाश्त नहीं करेंगे: रघुवर दास 

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सूरज कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों के हमले में घायल भाजयुमो जमशेदपुर के महामंत्री सूरज कुमार के निधन की दुखद सूचना से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके परिवारजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर समेत पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पिछले दो साल में हमले बढ़ गए हैं और सरकार-प्रशासन सुस्त पड़ा हुआ है। कहा कि सरकार कड़े कदम उठाए नहीं तो भाजपा कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। 
घटना की फ़ास्ट ट्रैक में सुनवाई कर, स्पीडी ट्रायल के माध्यम से शीघ्र सजा दिलाये प्रशासन: गुँजन यादव
भाजपा महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने सूरज कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवा, कर्मठ एवं संगठन के सच्चे सिपाही के रूप में सूरज कुमार की भरपाई निकट भविष्य में मुश्किल है। उन्होंने सूरज कुमार के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि संगठन के उभरते हुए जुझारू युवा नेता का यूँ असमय चले जाना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। युवा मोर्चा के अनेकों कार्यक्रम में अपनी कार्यकुशलता और व्यवहार से सूरज ने अपनी अलग पहचान बनाई। जिलाध्यक्ष गुँजन यादव ने जिला प्रशासन से सूरज की हत्या में शामिल दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा करे। पूरे शहर में अपराधियों के मन से प्रशासन का खौफ खत्म हो गया। जिससे आये दिन शहर में अपराधी घटना को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं। गुँजन यादव ने जिला प्रशासन से घटना की फ़ास्ट ट्रैक में सुनवाई करने एवं स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इस घटना में शामिल कोई भी दोषी बचने ना पाए चाहे वो जितने भी बड़े रसूखदार क्यों ना हो।
प्रशासन शहर में कानुन का राज कायम करने में पूरी तरह विफल: प्रेम झा

वहीं, भाजपा महानगर प्रवक्ता प्रेम झा ने भी सूरज कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बहुत कम समय में अपनी सक्रियता और प्रभावी योगदान से अपनी पहचान बनाने वाले सूरज कुमार की यादें सदैव जीवंत रहेगी। प्रेम झा ने जिला प्रशासन के कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भय बिनु होइ न प्रीति” गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित पंक्तियों में प्रभु श्रीराम कहते है कि बिना भय के सम्मान नहीं होता, परन्तु जिला प्रशासन का भय ना तो यहाँ के बेलागम अपराधी में दिखता है और ना ही दिन दुगुनी, चार चौगुनी बढ़ते नशाखोरों में। पूरे शहर में प्रतिदिन चोरी, छिनतई एवं हत्या जैसे गंभीर अपराध भी अब सामान्य होने लगे है। आज  अपराधियों एवं असमाजिक तत्वों में कानून का भय नही रहा है। राजनीतिक द्वेष से प्रेरित होकर कई महीनों बाद मामला दर्ज करने एवं अपने कुछ सत्ता के राजनीतिक आकाओं को खुश रखने में लगी प्रशासन, क़ानून का राज़ कायम करने में पूरी तरफ विफल रही है। पुलिस प्रशासन अपनी मशीनरी का उपयोग शहर में कानून का राज लाने में लगाये। उन्होंने कहा कि नशा के बढ़ते अवैध कारोबार को रोकने की कोई ठोस पहल ना हो पाना भी शहर में अपराध को बढ़ावा दे रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारतीय जन महासभा ने सीडीएस विपिन रावत को दी श्रद्धांजलि

Thu Dec 9 , 2021
जमशेदपुर : प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (तीनो सेना के प्रमुख) जनरल बिपिन रावत के साथ उनकी पत्नी मधुलिका रावत व सेना के उच्चाधिकारियों के हेलिकॉप्टर क्रैश से शहीद होने पर पूरा देश शोकातुर हो उठा । इस बारे में जानकारी देते हुए भारतीय जन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्म […]

You May Like

फ़िल्मी खबर