जमशेदपुर : चक्रवती तूफान ‘जवाद’ का असर झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में भी दिखेगा। ओडिशा तट के आस-पास के इलाकों में डीप डिप्रेशन के चलते एक चक्रवाती तूफान बन रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, तूफान की वजह से तीन से छह दिसंबर तक शहर के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। शुक्रवार को दक्षिणी भागों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां) में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
वहीं, 4 व 5 दिसंबर को राज्य के दक्षिणी (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला-खरसावां), उत्तर-पूर्वी (देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज) तथा निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ स्थानों पर हल्के दर्जे की वर्षा होगी। जबकि छह दिसंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की वर्षा हो सकती है। वहीं, सात दिसंबर से मौसम एक बार फिर से साफ होगा। हालांकि, इसके बाद तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
बढ़ेगी ठंड, रहें सावधान
मौसम विभाग के अनुसार, सात दिसंबर के बाद तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में लोगों को सतर्क होने की जरूरत है। इस दौरान ठंड बढ़ेगी और ऐसे में थोड़ी सी भी लापरवाही महंगा पड़ सकता है। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री व अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज की गई। वहीं, शहर में ठंड के साथ-साथ कनकनी पड़ रही हैं। ऐसे में सभी सावधान रहें।
