कुरान पर कलह खत्म जज ने वापस लिया आदेश, अब ऋचा को नहीं बांटना होगा 5कुरान

45

रांची:- ऋचा भारती को अब कुरान नहीं बांटना होगा। अदालत ने जमानत की इस शर्त को वापस ले लिया है। बुधवार को केस के आइओ विनोद राम ने सहायक लोक अभियोजक मीनाक्षी कुंडुलना के माध्यम से न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार सिंह की अदालत में इस संबंध में आवेदन दिया। इसमें आग्रह किया गया था कि कुरान बांटने का आदेश वापस ले लिया जाए। इस शर्त को पूरा करने में परेशानी हो रही है। 
सहायक लोक अभियोजक ने भी इसका समर्थन किया। आग्रह को स्वीकार करते हुए अदालत ने कुरान बांटने की शर्त को आदेश से हटा लिया। इससे पूर्व जिला बार एसोसिएशन के सचिव कुंदन प्रकाशन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने न्यायायुक्त नवनीत कुमार से मिल कर न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार सिंह के तबादले की मांग की। 

 
महिला आयोग से एएसपी व पिठोरिया थाना प्रभारी के खिलाफ शिकायत 
बुधवार को ऋचा भारती पिता प्रकाश पटेल, वकील विनोद कुमार साहू और अन्य सहयोगियों के साथ महिला आयोग पहुंची। उसने पिठोरिया थाना प्रभारी और एएसपी के खिलाफ  आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। ऋचा की ओर से अधिवक्ता विनोद कुमार साहू ने बताया कि उसे जिस तरह से गिरफ्तार किया गया, ये कानून के खिलाफ है। पुलिस टीम में एक भी महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। दूसरी बात रात में महिला को गिरफ्तार करना कहीं से भी उचित नहीं था। 

48 घंटे के बहिष्कार पर पुनर्विचार के लिए आज बार की बैठक 
कुरान बांटने के फैसले के विरोधस्वरूप बार एसोसिएशन ने न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार सिंह की अदालत का 48 घंटे के बहिष्कार का ऐलान किया था। जमानत की शर्त से कुरान बांटने का आदेश वापस लिए जाने के बाद बार एसोसिएशन बहिष्कार पर अधिवक्ताओं की राय लेगा। एसोसिएशन के सचिव कुंदन प्रकाशन ने बताया कि गुरुवार को 11 बजे एसोसिएशन की बैठक में इसपर विचार किया जाएगा। 

क्या था मामला 
सोशल साइट पर धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने के मामले में रांची के पिठोरिया की ऋचा भारती को जेल भेज दिया गया था। ऋचा की जमानत पर सुनवाई करते हुए न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार की अदालत ने 15 जुलाई को पांच कुरान बांटने की शर्त जोड़ दी थी। ऋचा को 15 दिनों के अंदर पांच कुरान बांटने का आदेश दिया गया था। एक कुरान शिकायतकर्ता अंजुमन कमेटी, पिठोरिया और चार अन्य प्रति सरकारी शिक्षण संस्थानों को दिया जाना था। 

सनातन संघ ने पांच गीता बांटने की अपील की 
विश्व सनातन संघ के सदस्य ऋचा के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पांच कुरान बांटने से बढिय़ा है कि पांच गीता बांटा जाए। बुधवार को पिठोरिया से आए सनातन संघ के सदस्यों ने इस दौरान ऋचा को गीता की पांच प्रति भेंट की। इस दौरान संघ के सदस्यों ने कहा कि पांच कुरान बांटने से अच्छा है कि गीता की पांच प्रति बांटी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर श्रावणी मेला का किया उद्घाटन, कहा श्रावणी मेला को मिलेगी कुंभ की तरह प्रसिद्धि

Thu Jul 18 , 2019
देवघर :- बोलबम की जयघोष तथा स्वच्छता व विनम्रता के मूलमंत्र के साथ श्रावणी मेला 2019 की शुरुआत हुई. झारखंड-बिहार का प्रवेश-द्वार दुम्मा में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन तथा फीता काट कर उद्घाटन किया. इसके बाद प्रवेश-द्वार को कांवरियों के आवागमन के लिए खोल […]

You May Like

फ़िल्मी खबर