कांग्रेस ने हिंदू आतंकवाद के नाम पर अत्याचार कियाः प्रधानमंत्री

34

कुरुक्षेत्र: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान से पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां पहुंचे। थीम पार्क में आयोजित विजय संकल्प रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला लोकसभा क्षेत्र के जनसमूह को संबोधित किया। बोले, कुरुक्षेत्र न्याय और ज्ञान की धरा है। इस धरती से देश को सच बताना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा, समझौती ब्लास्ट के समय हिंदू आतंकवाद के नाम पर कांग्रेस ने लोगों के साथ अत्याचार किया। कांग्रेस संस्कृति विरोधी और पाकिस्तान की हरकतों की मुरीद है।

उन्होंने कहा, कांग्रेस भारत की कुशलता का श्रेय पाकिस्तान को देती है। उन्होंने कहा, ‘मैंने वंशवाद को चुनौती दी है, इसलिए कांग्रेस और महामिलावटी उन्हें प्रेम का नकाब पहनकर गालियां देते हैं।’

नरेन्द्र मोदी ने कहा-न्याय और ज्ञान की धरती से देश को सच बताना जरूरी

प्रधानमंत्री ने कहा, संस्कृति की बात होने पर कांग्रेस के मुंह पर वोट बैंक का ताला लग जाता है। राम का नाम लेने वालों को जेल भेजने वालों के साथ इनका पुराना याराना है। मोदी ने हरियाणा को अपना घर बताते हुए जनता से 10 की 10 सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने गीता की धरा से गीता के मंत्र से अपने भाषण की शुरुआत की। जनता से नारे लगवाए- फिर से एक बार… मोदी सरकार। प्रधानमंत्री ने जनता से सरकार के कामों के बारे में जवाब मांगा तो लोगों ने मोदी…मोदी…मोदी कहकर जवाब दिया। मगर उन्होंने कहा कि यह काम मोदी ने नहीं, आप लोगों के एक वोट ने किया है। 2014 की तरह इस बार भी आपका एक वोट वैभवशाली भारत के निर्माण का रास्ता मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी पानीपत में समझौता एक्सप्रेस में हुए ब्लास्ट का जिक्र करते हुए कहा, कांग्रेस ने हिंदू आतंकवाद के बहाने निर्दोष लोगों को जेल में ठूंस दिया। इसके लिए कांग्रेस को देश माफ नहीं करेगा। कांग्रेस एक परिवार की चिंता में डूबी रहती है। इनको जनता के हितों की कोई चिंता नहीं रहती। कांग्रेस ने सदैव किसानों और गरीबों को धोखा दिया है।

मोदी ने कहा, पाकिस्तान की कांग्रेस कितनी हिमायती है। यह बात पानी से साफ होती है। देश के हक का पानी पाकिस्तान की नदियों में जा रहा है। यह पानी पाकिस्तान की जमीन को सोना बनाती हैं। आपका यह चौकीदार ऐसा नहीं होने देगा। वह भारत के किसानों के हक का एक-एक बूंद पाकिस्तान जाने से रोकेगा। हिंदुस्तान का हक पाकिस्तान को नहीं दिया जाएगा।पांच साल में हरियाणा सहित देश के अनेक हिस्सों को भरपूर पानी मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, भाजपा की सरकार बनने पर किसानों को ब्याज रहित ऋण दिया जाएगा। व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा और 50 लाख रुपये की बिना गारंटी ऋण की सुविधा दी जाएगी। छोटे दुकानदारों, किसानों, खेत मजदूरों को 60 वर्ष बाद पेंशन की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा, कांग्रेस उन्हें कभी गंगू तेली कहती है तो कभी भस्मासुर तो कभी बंदर। कोई दाऊद इब्राहिम से तुलना करता है तो कोई हिटलर से। कांग्रेस के नेता जिसके सामने नतमस्तक हैं, उसने उन्हें मौत का सौदागर तक कहा है। यह कांग्रेस के प्रेम करने का तरीका है। कांग्रेस की सोच मोदी की बोटी-बोटी करने की है। खुलेआम बोटी-बोटी करने वालों को कांग्रेस ने हमेशा आगे बढ़ाया और टिकट देकर मनोबल बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हरियाणा की धरती परिवर्तन की गवाह है। उनका सपना है कि हरियाणा स्पोर्टिंग इन इंडिया बने। हरियाणा की बेटियां इसमें अहम भूमिका निभा सकती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, उनका सारा जीवन कामगारों और जनता को समर्पित है। मोदी ने कहा, पांच साल में जनता के जीवन को आसान बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास हुआ है। हरियाणा आना उनके लिए घर आने जैसा है। उन्होंने हाथ जोड़कर जनसमूह से कमल के फूल पर वोट देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोरापुट में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच माओवादी ढेर

Wed May 8 , 2019
भुवनेश्वर: ओडिशा आंध्र सीमा पर कोरापुट जिले के पाडुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कितुकान्ति जंगल में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में पांच माओवादी ढेर हो गए हैं। इनमें तीन महिला माओवादी हैं।   स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसपीजी) व डिस्ट्रिक्ट वोलुण्ट्री फ़ोर्स (डीवीएफ़) के जवान इस इलाके में संयुक्त रूप […]

You May Like

फ़िल्मी खबर