आरा:- भोजपुर के गड़हनी थाना क्षेत्र की बराप पंचायत के मुखिया की सोमवार की देर शाम 9 बजे सहंगी गांव स्थित घर के पास ही अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अरुण सिंह के रूप में की गई है। वे गड़हनी थाना क्षेत्र के सहंगी गांव निवासी हरिद्वार सिंह के पुत्र थे।
मुखिया शाम में गांव में थे। इसी दौरान पूर्व की दुश्मनी को लेकर तीन-चार बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और हथियार निकाल कर सिर को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली मुखिया के सिर को चीरती हुई निकल गई। गोली मारने के बाद बदमाश भाग निकले। चुनावी रंजिश को लेकर भी कुछ लोगों का मुखिया से झगड़ा हुआ था। इस घटना से भी हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अपराधी पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। गड़हनी बाजार से थोड़ी ही देर पहले मुखिया अरुण सिंह जैसे ही निकले, बदमाशों ने उनके पास आकर गाली गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सिर में सटाकर गोली मार दी। जिससे मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई।
एसपी ने दिया भरोसा-किसी को बख्शा नहीं जाएगा
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुशील कुमार सबसे पहले सदर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर से लेकर मृतक के परिजनों से काफी देर तक बातचीत की। घटना के बारे में पूछा। एसडीपीओ को तत्काल छापेमारी का निर्देश दिया। एसपी को परिजनों ने बताया कि चुन्नू सिह सहित तीन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। एसपी ने मुखिया के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि अपराधी कोई हो, बचेगा नहीं।